- Hindi News
- Sports
- Mbappe Scores Hat trick Hands PSG 4 1 Win Over Barcelona Messi Scores Goal Vs PSG
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
मैड्रिड13 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

UEFA चैम्पियंस लीग के प्री-क्वार्टरफाइनल में फर्स्ट लेग के मैच में फ्रांस के क्लब पेरिस सेंट जर्मेन (PSG) ने स्पेनिश क्लब बार्सिलोना को 4-1 से हरा दिया। स्टार स्ट्राइकर एमबाप्पे ने मैच में 3 गोल दागे। वे बार्सिलोना के खिलाफ चैम्पियंस लीग में हैट्रिक लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बने।
इससे पहले न्यूकासल यूनाइटेड के फॉस्टिनो एस्प्रिला और डायनामो किएव के एंड्रि शेवचेंको ने 1997 में बार्सिलोना के खिलाफ चैम्पियंस लीग में हैट्रिक लगाई थी। वहीं, यह मैच लियोनल मेसी का चैम्पियंस लीग में आखिरी घरेलू मैच हो सकता है। अगर बार्सिलोना दूसरे लेग में हार जाती है, तो चैम्पियंस लीग से बाहर हो जाएगी। वहीं, जून में मेसी भी बार्सिलोना छोड़ सकते हैं।
विपक्षी टीम के होम ग्राउंड पर एम्बाप्पे के सबसे ज्यादा गोल
नेमार और एंजेल डी मारिया के बिना खेल रही PSG को एम्बाप्पे ने उनकी कमी महसूस होने नहीं दी। उन्होंने 32वें, 65वें और 85वें मिनट में गोल दागे। उनके अलावा एक गोल मोइज केन ने किया। चैम्पियंस लीग में 20 या इससे ज्यादा गोल दागने वाले खिलाड़ियों में एम्बाप्पे विपक्षी टीम के होम ग्राउंड पर सबसे ज्यादा गोल दागने वाली टीम है। उन्होंने चैम्पियंस लीग के 68% गोल (22 में से 15 गोल) विपक्षी टीम के ग्राउंड पर दागे हैं।
मेसी ने लीजेंड राउल गोंजालेज की बराबरी की
बार्सिलोना ने 27वें मिनट में गोल दाग PSG पर 1-0 की बढ़त ले ली थी। यह गोल मेसी ने पेनल्टी पर दागा। इस गोल के साथ मेसी ने चैम्पियंस लीग में अपना 17वां गोल दागा। वे लगातार 17 साल (2005-2021) तक UCL में स्कोर करने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने राउल गोंजालेज के रिकॉर्ड की बराबरी भी की। राउल ने 1995-2011 तक लगातार 17 साल UCL में गोल दागे थे।
यह 2020/21 सीजन में मेसी का सभी कॉम्पिटिशन को मिलाकर 20वां गोल रहा। वे लगातार 13 सीजनों से बार्सिलोना के लिए हर सीजन में 20+ गोल दाग रहे हैं। हालांकि, उनकी टीम पिछले कुछ सीजन से अच्छा परफॉर्म करने में कामयाब नहीं रही है। बार्सिलोना को इसके 2 मिनट बाद (29वें) फिर से गोल करने का मौका मिला। हालांकि, डेम्बेले के शॉट को PSG के गोलकीपर कीलर नावास ने शानदार सेव करते हुए गोल बचा लिया।
पिके 4 और डेस्ट 1 महीने बाद मैदान पर लौटे थे
इसके 3 मिनट बाद (32वें) मार्को वेरात्ती के असिस्ट पर एम्बाप्पे ने गोल कर स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। बार्सिलोना की डिफेंस में कमजोरी का PSG ने जमकर फायदा उठाया। बार्सा के जेरार्ड पिके 4 महीने बाद और सर्जियो डेस्ट 1 महीने बाद मैदान पर उतरे थे। बार्सिलोना पर लगातार दूसरे साल नॉकआउट राउंड से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। इससे पहले 2019/20 सीजन में बायर्न म्यूनिख ने टीम को 8-2 से हराया था।
बार्सिलोना को इस सीजन में दूसरी बार घर में हार मिली
बार्सिलोना अपने घर में इस सीजन में दूसरी बार 3 या इससे ज्यादा गोल के अंतर से हारी है। इससे पहले युवेंटस ने उन्हें 3-0 से हराया था। यह पिछले 20 सीजन में सभी कॉम्पिटिशन मिलाकर सबसे ज्यादा है। एम्बाप्पे यूरोपियन कप/चैम्पियंस लीग इतिहास के दूसरे प्लेयर हैं, जिसने नॉकआउट राउंड में बार्सिलोना के खिलाफ उसके घर में गोल किया है। इससे पहले फेरेंस पुस्कस ने रियल मैड्रिड के लिए 1959/60 के सेमीफाइनल में गोल दागा था।
PSG बनाम बार्सिलोना लेग-2 मुकाबला 20 मार्च को
पेरिस सेंट जर्मेन और बार्सिलोना के बीच चैम्पियंस लीग के राउंड-16 के दूसरे लेग का मुकाबला 20 मार्च को पेरिस में खेला जाएगा। जुलाई, 2020 के बाद से बार्सिलोना के लिए सबकुछ ठीक नहीं हो रहा है। टीम को रियाल मैड्रिड के हाथों ला लीगा खिताब गंवाना पड़ा है। इसके अलावा उसे 32 साल में पहली बार सीजन के इतने खराब दौर से गुजरना पड़ रहा है। बार्सिलोना को एटलेटिको बिल्बाओ के हाथों सुपर कप भी गंवाना पड़ा था।
Leave a Reply